पछवादून मीडिया, संवाददाता, सेलाकुई ।
दून पुलिस ने सेलाकुई क्षेत्र के एक बंद घर में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल 01 विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है। अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किया गया लगभग 05 लाख रुपये मूल्य का ज्वैलरी एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमर सिंह बारवाल, निवासी भागीरथी एनक्लेव राजावाला देहरादून ने थाना सेलाकुई में प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर से ज्वैलरी व अन्य घरेलू सामान चोरी किए जाने की सूचना दी थी। प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना सेलाकुई में तत्काल संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना सेलाकुई में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तथा संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए पूर्व में चोरी की घटनाओं में संलिप्त अभियुक्तों का भी सत्यापन किया गया।
लगातार किए जा रहे प्रयासों के परिणामस्वरूप दिनांक 06 जनवरी 2026 को चेकिंग के दौरान राजा रोड तिराहे से मुखबिर की सूचना पर अनुज कुमार एवं मोहित ठाकुर को चोरी किए गए सामान के साथ गिरफ्तार किया गया। घटना में शामिल एक विधि विवादित किशोर को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
पूछताछ में खुलासा
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं तथा नशे और अन्य शौकों को पूरा करने के लिए उन्होंने चोरी की इस घटना को अंजाम दिया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
अनुज कुमार पुत्र दिनेश कुमार, निवासी पीठ वाली गली, सेलाकुई, उम्र 19 वर्ष
मोहित ठाकुर पुत्र जगदीश, निवासी जमालपुर, सेलाकुई, उम्र 19 वर्ष
बरामदगी का विवरण
चोरी की गई ज्वैलरी (01 चेन व लटकन)
02 लैपटॉप (डेल व एचपी)
05 छोटे-बड़े स्पीकर
01 प्रोजेक्टर
01 कैरिओके साउंड मिक्सचर
अलग-अलग कंपनियों के 03 माइक
01 एलईडी टीवी (सैमसंग)
01 माइक्रोवेव ओवन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान
(कुल अनुमानित कीमत लगभग 05 लाख रुपये)
पुलिस टीम
पी0डी0 भट्ट – थानाध्यक्ष, सेलाकुई
उ0नि0 सुमेर सिंह
म0उ0नि0 मीना रावत
कां0 उपेंद्र
कां0 सोहन
कां0 सुधीर
कां0 मुकेश
दून पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं, वहीं आमजन में सुरक्षा को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है।

