ब्यूरो रुड़की/हरिद्वार ।
उत्तराखंड की राजनीति में अपने दबंग अंदाज और विवादों के लिए मशहूर खानपुर के पूर्व भाजपा विधायक कुँवर प्रणव सिंह ‘चैंपियन’ एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा का कारण रुड़की के एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित विवाह समारोह का एक वीडियो है, जिसमें चैंपियन खुलेआम डांसर पर नोट उड़ाते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके पुराने विवादों की यादें एक बार फिर ताजा हो गई हैं।
शादी समारोह में जमकर लुटाए नोट
मिली जानकारी के अनुसार, कुँवर प्रणव सिंह चैंपियन अपने लाव-लश्कर और भारी काफिले के साथ रुड़की के एक निजी बैंक्वेट हॉल में आयोजित शादी समारोह में पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, समारोह के दौरान करीब आधे घंटे तक पूर्व विधायक मंच के पास मौजूद रहे।
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि जब डांसर ” मुझको राणा जी माफ करना गलती माहरे से हो गयी”, गाने पर ठुमके लगा रही थी, तब चैंपियन जोश में आकर डांसर पर नोटों की बारिश कर रहे थे। इस दौरान वे कभी अपनी मूंछों पर ताव देते तो कभी डांसर की कला से खुश होकर उसे पैसे थमाते नजर आए।
भीड़ के बीच बने आकर्षण और विवाद का केंद्र
जैसे ही पूर्व विधायक ने नोट उड़ाना शुरू किया, वहां मौजूद मेहमानों और लोगों की भारी भीड़ उनके इर्द-गिर्द जमा हो गई। देखते ही देखते यह पूरा घटनाक्रम चर्चा का विषय बन गया। कार्यक्रम में मौजूद कई लोगों ने इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जिसके बाद अब ये वीडियो इंटरनेट पर तेजी से प्रसारित हो रहे हैं।
विवादों से है पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है जब कुँवर प्रणव सिंह चैंपियन अपने व्यवहार के कारण चर्चा में आए हों। उनका विवादों से चोली-दामन का साथ रहा है:
हथियारों के साथ डांस: इससे पहले भी चैंपियन का दोनों हाथों में बंदूकें लेकर डांस करने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद भाजपा ने उन्हें निष्कासित कर दिया था।
वीडियो सामने आने के बाद जहां उनके समर्थक इसे उनका ‘राजसी अंदाज’ बता रहे हैं, वहीं विरोधी और आम जनता सार्वजनिक जीवन में एक पूर्व जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह के आचरण पर सवाल उठा रही है।

