पछवादून मीडिया संवाददाता, सहसपुर ।
बुधवार को विधानसभा क्षेत्र सहसपुर में विधानसभा स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही विधायक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने अपने संबोधन में खेलों की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त आधार हैं और प्रदेश तथा देश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विधायक पुंडीर ने आश्वस्त किया कि युवाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए निरंतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के लिए प्रेरित करें।
प्रतियोगिता के अंत में विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों एवं खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पुरस्कार प्राप्त करते समय खिलाड़ियों के चेहरों पर खुशी, उत्साह और आत्मविश्वास साफ झलकता नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी, खिलाड़ी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला, जिससे क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिली।

