पछवादून संवाददाता, विकासनगर ।
नगर पालिका परिषद, विकासनगर के प्रथम निर्वाचित अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी चंदन लाल अग्रवाल का निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही विकासनगर सहित पूरे पछवादून क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक संगठनों और आम नागरिकों ने उनके निधन को विकासनगर के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
स्वर्गीय चंदन लाल अग्रवाल जनसंघ और बाद में भारतीय जनता पार्टी से लंबे समय तक जुड़े रहे। उन्होंने वर्ष 1971 से 1977 तक तथा इसके बाद 1997 से 2002 तक विकासनगर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष के रूप में सेवाएं दीं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने नगर के समग्र विकास को प्राथमिकता दी और विकासनगर को एक नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उनके अध्यक्षीय कार्यकाल में नगर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सड़कों के निर्माण, स्वच्छता व्यवस्था, जलापूर्ति और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए। वे सरल, मिलनसार और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील जनप्रतिनिधि के रूप में जाने जाते थे। आम जनता से उनका सीधा संवाद और समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी कार्यशैली की पहचान रहा।
चंदन लाल अग्रवाल के निधन पर जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। कई लोगों ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
उनका जीवन विकासनगर के विकास और जनसेवा को समर्पित रहा, जिसे नगरवासी हमेशा स्मरण रखेंगे।

