पछवादून मीडिया ब्यूरो ।
उतराखण्ड के अल्मोड़ा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। अल्मोड़ा जनपद के द्वाराहाट तहसील क्षेत्र अंतर्गत विनायक के पास सैलापानी के समीप सवारियों से भरी एक बस मंगलवार सुबह गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में सात यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस द्वाराहाट से रामनगर की ओर जा रही थी। हादसे के समय बस में लगभग 17 से 18 यात्री सवार थे। अचानक संतुलन बिगड़ने से बस सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। खाई में गिरी बस से घायलों को बाहर निकालने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में उपचार के लिए भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है, प्रथम दृष्टया हादसा सड़क की खराब स्थिति या वाहन के अनियंत्रित होने के कारण बताया जा रहा है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है, वहीं घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

