पछवादून मीडिया संवाददाता,विकासनगर ।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान को धरातल पर उतारते हुए देहरादून पुलिस ने एक ऐसे शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो अपनी काली करतूतों को छिपाने के लिए मासूम बच्चों का इस्तेमाल ढाल के रूप में करता था। विकासनगर कोतवाली पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी बिलाल को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से लाखों रुपये की अवैध स्मैक बरामद हुई है।
मासूमों को बनाता था मोहरा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। आरोपी बिलाल (30 वर्ष), जो खुद भी नशे का आदी है, गांव के ही एक बड़े तस्कर से मादक पदार्थ खरीदता था। पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए वह खुद डिलीवरी करने के बजाय मोहल्ले के छोटे-छोटे बच्चों का इस्तेमाल करता था।
वह बच्चों को 10-20 रुपये या चॉकलेट का लालच देकर ग्राहकों तक स्मैक की पुड़िया पहुंचाता था। बच्चे लालच में आकर बिना सवाल किए उसका काम कर देते थे। चूंकि बच्चों पर पुलिस या अन्य किसी को शक नहीं होता था, इसलिए उसका धंधा आसानी से चल रहा था और वह मोटा मुनाफा कमा रहा था।
वायरल वीडियो ने बिगाड़ा खेल
आरोपी की यह चालाकी तब भारी पड़ गई जब कुछ दिन पूर्व गांव वालों ने एक बच्चे को स्मैक की पुड़िया के साथ पकड़ लिया और उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी बिलाल डर गया और बच्चों के जरिए सप्लाई बंद कर दी। इसी मजबूरी में जब वह खुद स्मैक की डिलीवरी करने निकला, तो पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
गिरफ्तारी और बरामदगी
विकासनगर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कसाई मोहल्ला, कुंजा ग्रांट क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बिलाल पुत्र इस्लाम को दबोचा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 12.36 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये आंकी गई है।
आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बिलाल एक आदतन अपराधी है, वह पूर्व में आर्म्स एक्ट (शस्त्र अधिनियम) के तहत जेल जा चुका है।
विकासनगर थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य मुकदमे (मु0अ0सं0: 2/26) में भी वह वांछित चल रहा था, जिसमें उसके दो साथी पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे।
वर्तमान में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्यवाही शुरू कर दी है।
एक नजर में विवरण:
गिरफ्तार अभियुक्त: बिलाल (उम्र 30 वर्ष), निवासी कुंजाग्रांट, विकासनगर।
बरामदगी: 12.36 ग्राम स्मैक (कीमत ~ 3.5 लाख रुपये)।
तरीका-ए-वारदात: बच्चों को चॉकलेट/पैसों का लालच देकर कुरियर बनाना।
पुलिस टीम जिसने की कार्यवाही:
उ0नि0 विवेक भण्डारी (चौकी प्रभारी कुल्हाल)
का0 नितिन कुमार
का0 गौरव कुमार

