पछवादून मीडिया संवाददाता, सेलाकुई ।
थाना सेलाकुई क्षेत्र में जमीन के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। तीन लोगों ने असम राइफल्स में तैनात एक सैनिक को दूसरे व्यक्ति की जमीन अपनी बताकर 11 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसएसआई सेलाकुई जितेंद्र कुमार ने बताया कि बलदेव सिंह पुत्र जमन सिंह, निवासी ग्राम पोवओव, जनपद रुद्रप्रयाग ने थाने में तहरीर दी है। बलदेव सिंह वर्तमान में असम राइफल्स में मणिपुर में रायफलमैन के पद पर तैनात हैं। तहरीर के अनुसार 25 अप्रैल 2022 को दीपक सिंह पुत्र प्रेम सिंह निवासी हरिपुर, सेलाकुई ने अपने दो साथियों सोमपाल पुत्र नकुल राम निवासी ग्राम जस्सोवाला और अमित कुमार पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी भीमावाला, विकासनगर के साथ मिलकर उन्हें अटकफार्म क्षेत्र में एक जमीन दिखाई।
आरोपी दीपक सिंह ने जमीन को अपनी बताते हुए उसे बेचने की बात कही। भरोसे में आकर बलदेव सिंह ने जमीन खरीदने के लिए आरोपियों को 11 लाख रुपये दे दिए। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने फर्जी विक्रय पत्र तैयार कर पीड़ित को दे दिया। जब बलदेव सिंह ने जमीन का कब्जा मांगा तो आरोपी टाल-मटोल करने लगे।
शक होने पर पीड़ित जब स्वयं जमीन पर पहुंचा तो पता चला कि उक्त भूमि के मूल स्वामी ने दीपक सिंह को कभी जमीन बेची ही नहीं थी। बाद में दस्तावेजों की जांच करने पर सामने आया कि दिखाए गए सभी कागजात फर्जी थे और जमीन आरोपियों की नहीं थी।
एसएसआई जितेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर दीपक सिंह, सोमपाल और अमित कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

