पछवादून मीडिया संवाददाता, सहसपुर ।
कोतवाली सहसपुर पुलिस ने एक संवेदनशील मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए गुमशुदा नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर उसे बहला-फुसलाकर भगाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और दून पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 नवंबर 2025 को वादी द्वारा अपनी नाबालिग पुत्री के गुमशुदा होने के संबंध में कोतवाली सहसपुर में प्रार्थना पत्र दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 252/25, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद स्तर पर क्षेत्राधिकारी विकासनगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सहसपुर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की गई तथा नाबालिग बालिका के दोस्तों व परिचितों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई गईं।
लगातार प्रयासों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने दिनांक 08 जनवरी 2026 को रामपुर पुल के नीचे से नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। बरामदगी के बाद मामले में धारा 64 बीएनएस तथा 5L/6 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को नियमानुसार समय पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
नाबालिग पुत्री के सुरक्षित वापस मिलने पर परिजनों ने दून पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उनकी तत्परता और कार्यशैली की प्रशंसा की।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण :
धर्मेंद्र यादव पुत्र तालेवर यादव,
निवासी – ग्राम भोजराजपुर, जिला संभल (उत्तर प्रदेश),
उम्र – 21 वर्ष।
पुलिस टीम :
अपर उपनिरीक्षक अरविंद कुमार
कांस्टेबल 405 प्रवीण कुमार
महिला पीआरडी सीमा कंडारी
सर्विलांस टीम :
4. कांस्टेबल आशीष शर्मा, SOG नगर
5. कांस्टेबल जीतेन्द्र सिंह, SOG देहात
सहसपुर पुलिस की इस कार्रवाई को नाबालिगों की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

