पछवादून मीडिया संवाददाता, सहसपुर ।
देहरादून जनपद के कोतवाली सहसपुर क्षेत्र अंतर्गत होरावाला स्थित आमोदम रिसोर्ट्स में ठहरे एक नाबालिग युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सहसपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 जनवरी 2026 को डायल 112 के माध्यम से सहसपुर पुलिस को सूचना मिली कि सेलाकुई निवासी तीन युवक दिनांक 10 जनवरी 2026 को होरावाला स्थित आमोदम रिसोर्ट्स में आकर रुके थे। अगले दिन सुबह एक युवक को उसके दोस्तों द्वारा टेंट के भीतर बने टॉयलेट में मृत अवस्था में पाया गया।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सहसपुर पुलिस टीम, एफएसएल तथा फील्ड यूनिट के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि सतविंदर सिंह राठौर (21 वर्ष), अभय पंवार (24 वर्ष) और मयंक ठाकुर (17 वर्ष) द्वारा रिसोर्ट में टेंट संख्या-05 किराये पर लिया गया था। इसी टेंट के अंदर नाबालिग मयंक ठाकुर की आकस्मिक मृत्यु हो गई।
पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए और मृतक के परिजनों की उपस्थिति में शव को 108 एंबुलेंस के माध्यम से विकासनगर मोर्चरी भिजवाया। पुलिस द्वारा पंचायतनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है, वहीं पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और मृतक के साथ मौजूद युवकों से पूछताछ की जा रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

