पछवादून मीडिया संवाददाता, विकासनगर ।
गुरुवार को सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत धर्मावाला न्याय पंचायत में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने प्रतिभाग कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जिन्होंने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि भाजपा सरकार की स्पष्ट मंशा है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। बहुउद्देशीय शिविर इसी सोच का सशक्त माध्यम हैं, जहां एक ही मंच पर विभिन्न विभागों की उपस्थिति में जनता की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
शिविर में राजस्व, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों में संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश देते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया।
विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि भाजपा सरकार जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा अभियान के माध्यम से शासन को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में ऐसे शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाएं।

