पछवादून मीडिया संवाददाता ।
कोतवाली विकासनगर क्षेत्र अंतर्गत ढकरानी स्थित जल विद्युत गृह में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का दून पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए 03 महिलाओं सहित कुल 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये मूल्य का चोरी किया गया सामान (स्टेटर कॉयल) बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 05 जनवरी 2026 को श्री अब्दुल सत्तार, सहायक भंडारपाल, हाइडल कॉलोनी ढकरानी द्वारा थाना विकासनगर में लिखित तहरीर दी गई थी। तहरीर में बताया गया कि 04 जनवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों द्वारा जल विद्युत गृह ढकरानी के गोदाम से लाखों रुपये मूल्य की स्टेटर कॉयल चोरी कर ली गई। तहरीर के आधार पर थाना विकासनगर में मु0अ0सं0 07/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्धों के संबंध में जानकारियां जुटाई गईं।
इसी क्रम में दिनांक 07 जनवरी 2026 को कैनाल रोड हरिपुर गांव के आगे आम के बाग के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर एक टाटा एस वाहन (संख्या UK-07-CD-3168) को रोका गया। वाहन में सवार साहिल कुमार, अज़हर, शोभा, मंजू और नंदनी की तलाशी लेने पर उसमें से चोरी की गई स्टेटर कॉयल बरामद हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने ढकरानी जल विद्युत गृह से चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पूछताछ में महिला अभियुक्ताओं ने बताया कि वे कूड़ा व कबाड़ बीनने का काम करती हैं। इसी दौरान उन्होंने जल विद्युत गृह के गोदाम की रैकी की थी। बाद में कबाड़ का काम करने वाले अपने साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से तारबाड़ काटकर गोदाम में घुसकर तांबे की स्टेटर कॉयल चोरी की गई। पुलिस के डर से उस समय चोरी का माल पास की झाड़ियों में छिपा दिया गया था, जिसे बेचने के लिए ले जाते समय पुलिस ने बरामद कर लिया।
पुलिस ने सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चोरी का माल और वाहन को कब्जे में ले लिया है। दून पुलिस की इस कार्रवाई से औद्योगिक चोरी के मामलों पर प्रभावी अंकुश लगा है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है।
नाम पता गिरफ्तार अभियुक्त:-*
1- साहिल कुमार पुत्र शंभू साहनी निवासी ग्राम पागाड़ी थाना गायघाट बिहार हाल शिवनगर बस्ती सेलाकुई, जिला देहरादून, उम्र 23 वर्ष
2- अज़हर पुत्र नदीम निवासी ग्राम गुनारा थाना जलालाबाद जिला शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश हाल निवासी इकलाख चोई बस्ती रामपुर, थाना सहसपुर, देहरादून, उम्र 20 वर्ष
3- शोभा पत्नी हरेराम साहनी निवासी ग्राम कमरोली थाना सिमरी जिला दरभंगा बिहार हाल निवासी शिवनगर बस्ती सेलाकुई, देहरादून, उम्र 28 वर्ष
4- मंजू पत्नी विकास साहनी निवासी ग्राम रामचेला थाना सिमरी जिला दरभंगा बिहार हाल शिवनगर बस्ती सेलाकुई, देहरादून, उम्र 19 वर्ष
5- नंदनी पुत्री वकील साहनी निवासी ग्राम घोंघराह थाना सौरमार जिला समस्तीपुर बिहार हाल मुसाई साहनी शिवनगर बस्ती, सेलाकुई, देहरादून, उम्र 19 वर्ष

